आईपीएल 2026 का सबसे बड़ा स्कोर बनाकर जीती पंजाब किंग्स, मैच में बने 254 रन
कहां हो गई चूक, हार के बाद कप्तान ऋषभ पंत ने दिए जवाब

पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपरजायंट्स को 54 रन से हराकर टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर (254/7) बनाया। लखनऊ 200/5 तक ही पहुंच सका और मैच में कुल 454 रन बने।
मुल्लांपुर: आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स का अजेय क्रम जारी है। अपने घरेलू मैदान मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशल क्रिकेट स्टेडियम में पंजाब ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रनों से बड़े अंतर से हराया। सीजन के इस 29वें मुकाबले में पहले बैटिंग करते हुए पंजाब ने 7 विकेट पर 254 रन बनाए। यह इस सीजन किसी टीम का सबसे बड़ा स्कोर है। इसके साथ ही आईपीएल में लखनऊ के खिलाफ भी सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड है। ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ की टीम 5 विकेट पर 200 रन ही बना पाई।
6 मैचों में लखनऊ सुपर जायंट्स की यह चौथी हार है। टीम लगातार तीसरा मैच हारी है। 4 पॉइंट के साथ वह टेबल में 8वें नंबर पर हैं। वहीं 6 मैचों में 11 पॉइंट्स के साथ पंजाब टॉप पर है। टीम ने 5 जीत हासिल की है जबकि एक मैच बारिश में धुल गया।
प्रियांश आर्य और कूपर कोनोली का शो
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। प्रभसिमरन सिंह को मोहम्मद शमी ने बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। इसके बाद कूपर कोनोली और प्रियांश आर्या ने मोर्चा संभाला और दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 80 गेंदों में 182 रनों की शानदार साझेदारी निभाई। प्रियांश ने 37 गेंदों का सामना करते हुए 93 रनों की दमदार पारी खेली। उन्होंने 4 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के लगाए।
वहीं, कोनोली ने 46 गेंदों का सामना करते हुए 87 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 189 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 8 चौके और 7 छक्के लगाए। कप्तान श्रेयस अय्यर (6) बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। छठे विकेट के लिए मार्कस स्टोइनिस और शशांक ने मिलकर सिर्फ 17 गेंदों में 44 रनों की साझेदारी निभाई। शशांक 6 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, स्टोइनिस 16 गेंदों में 29 रन बनाए। प्रिंस यादव ने 25 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि एम सिद्धार्थ ने 35 रन देकर 2 विकेट निकाले।
लखनऊ ने नई ओपनिंग जोड़ी उतारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत शानदार रही। आयुष बडोनी और मिचेल मार्श ने मिलकर पहले विकेट के लिए 5.6 ओवर में 61 रन जोड़े। मार्श 28 गेंदों में 40 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, बडोनी ने 21 गेंदों में 35 रन बनाए। कप्तान ऋषभ पंत अच्छी लय में दिखाई दिए और उन्होंने महज 23 गेंदों का सामना करते हुए 43 रनों की दमदार पारी खेली। पंत ने अपनी इस पारी में एक चौका और 4 छक्के लगाए।
निकोलस पूरन की खराब फॉर्म इस मुकाबले में भी जारी रही और वह 9 रन बनाकर आउट हुए। एडेन मार्करम और मुकेश चौधरी ने पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। दोनों ने मिलकर 33 गेंदों में 60 रनों की साझेदारी निभाई, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके। मार्करम ने 22 गेंदों में 42 रन बनाए, तो मुकुल 17 गेंदों में 21 रन बनाकर नाबाद रहे। मार्को जानसेन ने 37 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि अर्शदीप सिंह, विजयकुमार वैशाक और चहल ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।


